23-02-2021 17:04:49 .
जगदलपुर। 20वें वार्षिकोत्सव के तहत दूसरे दिन मंगलवार सुबह श्री बालाजी मंदिर में भगवान बालाजी, माता आंडाल एवं माता पद्मावती का महाअभिषेक किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में नगर के श्रद्घालु जुटे। सुबह 10 बजे प्रारंभ हुए पूजा-अर्चना के बाद यहां महाअभिषेक संपन्न हुआ। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में नगर के श्रद्घालु बालाजी मंदिर प्रांगण में जुटे और भगवान बालाजी के महाअभिषेक में सहभागी बने। आंध्र से आये दैवज्ञ पंडितों की अगुवाई में श्रीबालाजी भगवान का पंचगव्य, पंचामृत, दुध, दही, इत्र, अष्टगंध आदि सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया गया। विधिवत पूजा अर्चना व अभिषेक के बाद भगवान की महाआरती की गई। इस दौरान भक्ति रस में श्रद्घालु झूमते, गाते, नृत्य करते रहे। श्री बालाजी टेंपल कमेटी के अध्यक्ष व्ही. राजेंद्र प्रसाद ने जानकारी देते बताया कि आज संपन्न हुए महाअभिषेक में 151 रजत कलश एवं 108 पीतल के 108 कलशों में भरे दिव्य द्रव्यों के मिश्रण से भक्तों ने मंत्रोच्चार के बीच देव प्रतिमाओं का अभिषेक किया।
मंगलवार रात संपन्न होगा श्रीनिवास कल्याणम् विधान
वार्षिक महोत्सव के तहत मंगलवार रात महत्वपूर्ण विधान “श्रीनिवास कल्याणम्” संपन्न होगा। श्रीनिवास कल्याणम् उत्सव में भगवान का विवाह विधान संपन्न होगा। विवाह के दौरान आम तौर पर वर- वधु पक्ष के बीच होने वाले संवाद के मध्य भक्तगणों की भीड़ के समक्ष विधान संपन्न होगा। ढोल नगाड़ों और बैंड बाजे के साथ भगवान की बारात भी निकाली जायेगी। अर्ध रात्रि तक चलने वाले कल्याणम विधान के दौरान भक्तगण जम कर झूमेंगे।
कल बुधवार को होने वाले पुजा कार्यक्रम...
वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन प्रात: क़ालीन सत्र में होने वाले नित्य आराधना एवं विशेष हवन के बाद सुबह 10 बजे से भक्त भगवान सत्यनारायण की कथा सुनेंगे। इस विशेष विधान में बड़ी संख्या में दंपति शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।