जगदलपुर। राज्य सरकार के खिलाफ अब भाजपा महिला मोर्चा भी आंदोलन की तैयारी में है। प्रदेश में दो साल के कार्यकाल में हुई महिला प्रताड़ना व उत्पीड़न समेत बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा शनिवार को संजय मार्केट चौक में धरना-प्रदर्शन करेंगी। धरना के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ता व पार्टी के वरिष्ठ नेता रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंच कर बस्तर कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौपेंगे। महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री दीप्ति पाण्डे व जिलाध्यक्ष रामकुमारी यादव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार सत्ता में आयी है आदिवासियों समेत समाज के हर वर्ग के खिलाफ संगीन अपराध की घटनाओं में बेतहासा वृद्धि हुई है। विभिन्न वर्गों की महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य मामलों की चिंताजनक वृद्धि पर कांग्रेस सरकार न केवल पूरी तरह खामोश है बल्कि प्रदेश के केबिनेट मंत्री तक इसे छोटा अपराध कहने से नहीं हिचकते एैसा ही एक मामला जशपुर जिले में सामने आया है। इसके साथ ही कुछ दिन पहले बस्तर संभाग के केशकाल में भी एैसी दर्दनाक घटना हुई है। दीप्ति पाण्डे ने बताया कि यदि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार व शोषण कम नहीं होते है तो सड़क से सदन तक हल्ला बोल के तहत दूसरी कड़ी में विधानसभा का घेराव भी महिला मोर्चा करेंगी। शनिवार को आयोजित इस धरना प्रदर्शन में महिला मोर्चा के अलावा पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।