jdp, 01-09-2022 15:57:02 .
जगदलपुर। गणेश महोत्सव का महापर्व बुधवार से शुरू हो गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए सार्वजनिक पंडालों और घरो में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया है। लेकिन इस बार शहर के पांच पथ चौक का पंडाल बेहद आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसमें शिवधाम की झलक देखने को मिल रही है। इस पंडाल के एक ओर विशाल नंदी में शिव पार्वती विराजे है तो दूसरी ओर गणेश जी इसके साथ ही पूरे पंडाल को सिल्वर झूमर से सजाया गया है। साथ ही हर दिन इस पंडाल में अलग अलग पूजा अनुष्ठान किये जा रहे है।
पंचपथ गणेश उत्सव समिति से जुड़े सदस्यों ने बताया कि करीब 16 साल से पंच चौक में विशाल प्रतिमा की स्थापना कर विधि विधान से पूजा अर्चना कर रहे है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आचार्य रामराज त्रिपाठी-रोमित जी के द्वारा पंडाल में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूरे विधि से पूजा विधान करवाया जा रहा है। इस पंडाल में 14-14 फिट की दो मूर्तिया स्थापित करवाई गई है एक विशालकाय मूर्ति नंदी जी पर बैठे शिव पार्वती की है तो दूसरी सिंहासन पर बैठे गणेश जी की है। पंचपथ गणेश उत्सव समिति से करीब 1 हजार से ज्यादा सदस्य प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए है। साथ ही इस वर्ष समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि गणेश जी के की विसर्जन के दिन केवल भक्ति गाने बजाए जाएंगे और समिति के सभी सदस्य विशेष ड्रेसकोड में होंगे।